कुबेर सिंह
धनबाद।शहर के हीरापुर स्थित एच.सी. स्कूल रोड पर शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिजली के खंभे में लगी आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर नीचे खड़ी एक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासी सुनील पांडेय के अनुसार, बिजली खंभे पर लगे बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। वहीं पीड़ित सुमन दे ने बताया कि वे मनईटांड़ से किसी कार्य से आए थे और उन्होंने अपनी बाइक खंभे के नीचे खड़ी की थी, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर रोष देखा गया। लोगों ने व्यवस्था में सुधार और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।