-नया सिलेंडर गैस गोदाम से ही लीक होने का आरोप,दमकल नहीं पहुंची तो कंबल,बालू और मिट्टी से आग पर पाया काबू
आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव
पांडू,पलामू। जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत फुलिया गांव में सोमवार शाम करीब सात बजे शिक्षक उपेंद्र कुमार प्रभाकर के घर एलपीजी गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया,जिससे घर में मौजूद लोगों की जान पर बन आई।हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस के कारण बड़ा हादसा टल गया तथा कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई।परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गैस गोदाम से मिला नया सिलेंडर पहले से ही लीक था।सोमवार को ही नया सिलेंडर घर लाया गया था।जैसे ही खाना बनाने के लिए चूल्हा जलाया गया,सिलेंडर से अचानक आग की तेज लपटें निकलने लगीं।कुछ ही क्षणों में पूरा रसोईघर धुएं और आग से भर गया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी,लेकिन काफी देर तक दमकल वाहन नहीं पहुंच सका।ऐसे में ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए पहले जलते सिलेंडर पर कंबल डालकर उसे सावधानीपूर्वक रसोई से बाहर निकाला। इसके बाद बालू और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के घरों तक फैलने से बच गई और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।आग बुझाने के दौरान फुलिया पंचायत के उपमुखिया शैलेश कुमार प्रभाकर का हाथ झुलस गया।वहीं वार्ड संख्या-7 के सदस्य कुणाल कुमार रवि,अंकज कुमार ठाकुर सहित अनेक ग्रामीणों ने आग बुझाने में सक्रिय भूमिका निभाई।घटना के बाद ग्रामीणों में गैस सिलेंडर की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्याप्त है।लोगों ने संबंधित गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि सिलेंडर लीक पाया जाता है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में ऊंटारी रोड इंडेन गैस एजेंसी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन समाचार लिखे जाने तक एजेंसी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।फिलहाल पूरे क्षेत्र में लीक सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
एलपीजी गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग,ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
