Birsa Times

बांग्लादेश में बारिश का कहर, मदरसे पर पहाड़ी का मलबा गिरा, 8 की मौत

बांग्लादेश में बारिश का कहर, मदरसे पर पहाड़ी का मलबा गिरा, 8 की मौत

ढाका। बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। कॉक्स बाजार जिले के उखिया स्थित रोहिंग्या कैंप-5 के ए-3 ब्लॉक में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरककर लड़कियों के हिफ्ज मदरसे पर आ गिरा। हादसे में मदरसे की दीवार ढह गई और मलबे में कई छात्राएं दब गईं। इस दुर्घटना में सात छात्राओं और एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के समय मदरसे में करीब 40 छात्राएं मौजूद थीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, आर्म्ड पुलिस बटालियन, रोहिंग्या स्वयंसेवकों और राहत टीमों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया। मलबे से 13 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें आठ को मृत घोषित किया गया, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। राहतकर्मियों ने करीब 30 छात्राओं को सुरक्षित बचा लिया।

लगातार बारिश के कारण कॉक्स बाजार और चटगांव में बाढ़ तथा भू-स्खलन का खतरा बढ़ गया है। पिछले दो दिनों में भू-स्खलन और दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 10 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने जोखिम वाली पहाड़ियों की निगरानी तेज कर दी है और लोगों से अस्थिर ढलानों से दूर रहने की अपील की है। खराब मौसम के चलते सड़क, रेल और फेरी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *