Birsa Times

अवैध गैस भंडारण एवं रिफिलिंग के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 105 गैस सिलेंडर सहित विभिन्न सामग्री जब्त किया।

अवैध गैस भंडारण एवं रिफिलिंग के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 105 गैस सिलेंडर सहित विभिन्न सामग्री जब्त किया।

रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह

औरंगाबाद :- जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतन कुमार सिंह द्वारा प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना अध्यक्ष, रिसयप थाना तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, कुटुंबा को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
निर्देश के आलोक में ग्राम पहरा में संयुक्त रूप से छापामारी अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विकास कुमार सिंह के आवास एवं दुकान परिसर की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में कुल 105 गैस सिलेंडर, 90 गैस पासबुक, 06 उज्ज्वला गैस चूल्हा, 01 रिफिलिंग नोजल पाइप तथा 01 इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद एवं जब्त किया गया।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया अवैध गैस भंडारण एवं घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग से संबंधित गतिविधियों के साक्ष्य प्राप्त हुए। उक्त मामले में विकास कुमार सिंह, पिता – मनोज सिंह, ग्राम – पहरा, थाना – रिसयप के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जमाखोरी अथवा अनधिकृत रिफिलिंग को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
साथ ही जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि घरेलू उपयोग हेतु प्रदत्त एलपीजी गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित प्रयोजनों के लिए करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने हेतु सतत निगरानी की जा रही है।
आमजन से अनुरोध किया गया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता के अनुरूप ही गैस की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *