देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
नशे के कारोबारियों पर देवघर पुलिस का अभियान जारी है। 19 मई 2026 को मोहनपुर थाना क्षेत्र के दहीजोर-लेटवावरण रोड स्थित तीराहा मोड़ के पास एक तस्कर को ब्राउन शुगर बेचते रंगेहाथ दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर दुमका से सप्लाई चेन के सरगना को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी के निर्देश पर गुप्त सूचना मिली थी कि गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी, उम्र 26 वर्ष, पिता फुलकुमार महथा, निवासी बरमसिया सर्कुल रोड थाना नगर, देवघर ब्राउन शुगर बेचने तीराहा मोड़ आया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में छापेमारी कर उसे ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ पकड़ा गया।
पूछताछ में खुला दुमका कनेक्शन
गिरफ्तार गौतम महथा की निशानदेही पर ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले सरगना फिरोज अंसारी उर्फ गुड्डू, पिता जियाउद्दीन अंसारी, निवासी सिंघनी थाना हंसडीहा जिला दुमका को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में कबूल किया कि झारखंड के विभिन्न जिलों में संगठित रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हैं।
केस दर्ज, 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या 77/26 दिनांक 20.05.2026, धारा 111(2)(b)(3)(4) BNS एवं 21(b) NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर और कांड में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौतम महथा का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार गौतम महथा पर नगर थाना में पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, मारपीट और चोरी के कांड शामिल हैं।
पुलिस का संदेश: देवघर पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
