Birsa Times

पांडू में अज्ञात शव की हुई पहचान, शादी समारोह में गए व्यक्ति की पत्थर से कुचकर हत्या

पांडू में अज्ञात शव की हुई पहचान, शादी समारोह में गए व्यक्ति की पत्थर से कुचकर हत्या

आदिवासी एक्सप्रेस/दीपक यादव

पांडू,पलामू। जिले के पांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहरा से लोमड़ीडीह जाने वाले कच्चे रास्ते पर मिले अज्ञात शव की पहचान रविवार सुबह करीब 10 बजे हो गई। मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के कवल गांव निवासी स्वर्गीय सुखी यादव के पुत्र जग नारायण यादव के रूप में की गई है।परिजनों ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की पहचान की।बताया गया कि जग नारायण यादव 7 मई को पांडू थाना क्षेत्र के कुलिया गांव में अपने गोतिया अयोध्या यादव के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे।इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया।इसी बीच शनिवार को पांडू थाना पुलिस ने बेलहरा से लोमड़ीडीह जाने वाले कच्चे रास्ते से एक अज्ञात शव बरामद किया था।शव की पहचान कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई थी। तस्वीर देखने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान जग नारायण यादव के रूप में की।परिजनों ने आशंका जताई है कि अपराधियों ने पत्थर से कुचलकर उनकी हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया। शव की स्थिति भी काफी क्षत-विक्षत बताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।रविवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।वहीं, मामले की सूचना मिलने पर राजद पलामू जिला अध्यक्ष धनंजय पासवान, राजद अनुमंडल अध्यक्ष लवलेश प्रसाद यादव तथा वरिष्ठ नेता विश्वनाथ राम गोरा सहित कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।नेताओं ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *