अजय कुमार कुशवाहा
साहिबगंज
बरहरवा थाना क्षेत्र के बिंदुपाड़ा पंचायत में उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात लोगों द्वारा एक व्यक्ति का शव काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से फेंककर फरार हो जाने की घटना सामने आई। मृतक की पहचान कोलाही डांगा निवासी चंदन बेसरा के रूप में हुई है, जो बिंदुपाड़ा स्थित बिंदुवासिनी हॉल्ट पर रेलकर्मी के रूप में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई स्टीफन ने बताया कि उन्हें बरहरवा थाना से फोन पर उनके भाई की हत्या की जानकारी दी गई।
वहीं, मृतक के भाई की पत्नी माइनो मुर्मू ने बताया कि चंदन बेसरा का अपनी पत्नी के अलावा एक अन्य महिला के साथ भी संबंध था, परिजनों ने इसी आधार पर हत्या की आशंका जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बिंदुपाड़ा पंचयात के लधोपड़ा उत्तक्रमित विद्यालय के पास पहुंची, जिसमें से चंदन बेसरा को मृत अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया गया और गाड़ी तुरंत मौके से फरार हो गई। पुलिस अब उस वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है।
घटनास्थल पर पहुंचे बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस हत्या, आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
