आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
साहेबगंज/बरहरवा। स्थानीय सातगाछी पंचायत के मालिन ग्राम में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक 33 वर्षीय युवक की असामयिक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मालिन गांव निवासी अर्जुन साहा (33 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना के समय अर्जुन अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ हुई वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अर्जुन साहा अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और अपने पीछे पत्नी तथा पांच वर्षीय मासूम पुत्र को छोड़ गए हैं।
अर्जुन की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी और बच्चे के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
