Birsa Times

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 116 शिकायतें पहुंचीं, 54 का हुआ मौके पर निस्तारण, कुछ अधिकारी रील देखने में व्यस्त होने का वीडियो वायरल

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 116 शिकायतें पहुंचीं, 54 का हुआ मौके पर निस्तारण, कुछ अधिकारी रील देखने में व्यस्त होने का वीडियो वायरल

माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सर्वाधिक 56 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए 54 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
एक ओर जहां जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया। बताया जा रहा है कि समाधान दिवस के दौरान कुछ अधिकारी अपने मोबाइल फोन पर फेसबुक और इंस्टाग्राम की रील देखने में व्यस्त दिखाई दिए। इसका वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर शनिवार अपराह्न लगभग 3 बजे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे थे, तब कुछ अधिकारियों का इस प्रकार मोबाइल में व्यस्त रहना समाधान दिवस की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित अधिकारियों के संबंध में प्रशासन द्वारा कोई जांच या कार्रवाई की जाती है अथवा नहीं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करना है। ऐसे में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे कार्यक्रम के दौरान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *