11 दिन की देरी से सक्रिय हुआ मानसून, देर रात से रुक-रुक कर बारिश जारी

रांची.  11 दिन की देरी से शुक्रवार की रात काे मानसून ने झारखंड में दस्तक दे दी। रात से ही रुक-रुककर रांची और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। मानसून के सक्रिय होने से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं तेज गर्मी से परेशान लोगों को भी काफी राहत मिली है। मानसून ने पूर्वी व प. सिंहभूम के रास्ते झारखंड में प्रवेश किया।

अभी प्रदेश में भारी बारिश के आसार नहीं
भारतीय माैसम विज्ञान केंद्र रांची के डायरेक्टर डाॅ. एसडी काेटाल ने मानसून के झारखंड पहुंचने की जानकारी दी। उन्हाेंने कहा कि तीन-चार दिन में मानसून पूरे झारखंड काे कवर कर लेगा। मध्यम दर्जे की बारिश हाेगी। अभी प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश के आसार नहीं हैं। तेज रफ्तार हवा के साथ गर्जन हाेने के भी आसार है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे आ गया है।

मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थिति अनुकूल
उन्हाेंने कहा है कि मानसून के आगे बढ़ने में कोई बाधा नहीं है। अभी हवा सही दिशा में बह रही है। मानसून के अागे बढ़ने के लिए परिस्थिति बिल्कुल अनुकूल है। शनिवार सुबह से आसमान में काले बादल छाने के साथ तेज रफ्तार से हवा भी चल रही है। रांची के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है।

Related posts

Leave a Comment