आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो /कृष्णा गोस्वामी
देवघर: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 4.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के रामजोरिया स्थित यात्री शेड के समीप दो व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुधवाकुरा निवासी 31 वर्षीय सूरज चौधरी उर्फ सोनू तथा सिंहरायडीह निवासी 23 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 4.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या-115/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
देवघर पुलिस ने कहा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

