आदिवासी एक्सप्रेस ललित कुमार पाल
शिकारीपाड़ा/दुमका/ शिकारीपाड़ा के चित्रागड़िया पत्थर खदान के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण लोक सुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सुनीता किस्कू ने की। बैठक में मुख्य रूप से शिकारीपाड़ा के अंचलाधिकारी कपिल देव ठाकुर और पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
यह प्रस्तावित खदान प्रोपराइटर षष्ठी पद मंडल एवं शक्ति प्रसाद के नाम पर है। खदान को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए पर्यावरण विभाग की ओर से जरूरी प्रशासनिक और पर्यावरणीय स्वीकृति लेनी है, जिसके तहत इस लोक सुनवाई का आयोजन कर स्थानीय लोगों के विचार और आपत्तियां जानी गईं।
सुनवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें प्रशासन और खदान मालिकों के सामने रखीं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से इलाके में पेयजल की किल्लत को दूर करने के लिए बोरिंग कराने, बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और स्ट्रीट लाइट लगाने , बच्चों के लिए खेल का मैदान विकसित करने, खेल को बढ़ावा देने के लिए फुटबॉल व जर्सी उपलब्ध कराने तथा बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए ट्यूशन शिक्षकों की व्यवस्था करने आदि जैसी मांगें मजबूती से उठाईं।
ग्रामीणों की इन सभी जायज मांगों और जरूरतों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए खदान के प्रोपराइटरों ने जनसुनवाई में ही इन्हें पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि खदान संचालन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास, शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में वे हरसंभव सहयोग करेंगे और सभी वादों को समय पर पूरा किया जाएगा।
शिकारीपाड़ा के चित्रागड़िया पत्थर खदान के लिए जनसुनवाई संपन्न, ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने के वादे के साथ आगे बढ़ी प्रक्रिया
