-14 मोबाइल और 14 सिम कार्ड बरामद, फर्जी कस्टमर केयर बनाकर करते थे ठगी
देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर: साइबर अपराधियों के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 साइबर अपराधियों और एक किशोर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 8 जुलाई 2026 को मोहनपुर और पथरौल ओपी क्षेत्र में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेज़न पे, गूगल पे, फोनपे, पेटीएम, एयरटेल पेमेंट बैंक और क्रेडिट कार्ड अधिकारियों के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर बनाकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड और 2 प्रतिबंधित सिम कार्ड बरामद किए गए। तकनीकी जांच में उनके मोबाइल नंबर और IMEI से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी के कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
कैशबैक और केवाईसी के नाम पर ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कैशबैक का लालच देकर, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल हैक करते थे। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट बैंक केवाईसी अपडेट के बहाने और फर्जी क्रेडिट कार्ड लिंक भेजकर भी लोगों से धोखाधड़ी की जाती थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
देवघर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 साइबर अपराधी और एक किशोर गिरफ्तार
