Birsa Times

चुट्टूपालू घाटी में बड़ा हादसा, 30 फीट गहरी खाई में गिरा लकड़ी लदा ट्रक

चुट्टूपालू घाटी में बड़ा हादसा, 30 फीट गहरी खाई में गिरा लकड़ी लदा ट्रक

रामगढ़। चुट्टूपालू घाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर रांची की ओर से आ रहा लकड़ी से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की मुख्य वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई में गिरे चालक को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सफल रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्रक रांची की ओर से आ रहा था। चुट्टूपालू घाटी में पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक सीधे खाई में जा गिरा। फिलहाल चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने के साथ ही हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।

चुट्टूपालू घाटी में पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। तीखे मोड़ और ढलान के कारण यहां वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। पुलिस ने भारी वाहनों के चालकों से अपील की है कि घाटी में प्रवेश करने से पहले वाहन के ब्रेक और अन्य तकनीकी स्थिति की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *