Birsa Times

खूंटी में महिला सहित दो की हत्या, तजना नदी किनारे मिला शव

खूंटी में महिला सहित दो की हत्या, तजना नदी किनारे मिला शव

खूंटी। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी के किनारे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गई निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि मृत युवक की पहचान उसके पड़ोसी अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। आशंका है कि हत्या पुल के ऊपर करने के बाद शवों को छिपाने की नीयत से पुल के नीचे तजना नदी किनारे फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, सोयको थाना प्रभारी पी.आर. पांडेय सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार नेहा कुमारी की बहन की शादी शनिवार को होनी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए नेहा अपने बच्चों को ससुराल से लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ अपने ससुराल, करंज थाना क्षेत्र के डोरिया गांव, जा रही थी। इसी दौरान दोनों रास्ते में लापता हो गए। परिजनों ने संबंधित थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

घटनास्थल से शादी का निमंत्रण कार्ड मिलने के बाद पुलिस ने उसकी मदद से मृतकों की पहचान की और परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन खूंटी के लिए रवाना हो गए हैं।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *