जयंत सिन्‍हा और उनकी पत्‍नी के पास 100 करोड़ की संपत्ति

सांसद बनने के बाद केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा की आय घट गई है। इस दौरान उनकी पत्नी पुनिता की आय में वृद्धि हुई है। पत्नी जानी मानी महिला उद्यमी है। हालांकि, दोनों पति-पत्नी की चल-अचल संपत्ति सौ करोड़ की है। जयंत हजारीबाग से सांसद हैं। फिर इसी लोस क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।जयंत सिन्हा ने 10 अप्रैल नामांकन पत्र दाखिल किया है। पर्चे के साथ दाखिल शपथ पत्र में इस आशय की जानकारी दी गई है।

दाखिल शपथ पत्र के अनुसार वर्ष 2013-14 में उनके द्वारा भरे गए आयकर रिटर्न में घोषित आय पांच करोड़ 74 लाख 20 हजार 270 थी। जबकि वित वर्ष 2017-18 में उनके द्वारा भरे गए आयकर रिटर्न में उनकी आय 35 लाख 91 हजार 290 घोषित की गई। इसी तरह उनकी पत्नी पुनिता सिन्हा द्वारा वर्ष 2013-14 में उनके द्वारा भरे गए आयकर रिटर्न में घोषित आय 98 लाख 63 हजार 460 थी और वर्ष 2017-18 में उनके द्वारा भरे गए आयकर रिटर्न में उनकी आय पांच करोड़ 36 लाख 21 हजार 990 बताई गई है।

जहां तक कुल चल अचल संपत्ति की बात है तो जयंत सिन्हा 69.35 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं और पुनिता के पास 31.44 करोड़ की चल अचल संपत्ति है। वैसे दोनों के सिर पर बैंकों की देनदारी है। जयंत सिन्हा पर 14.68 करोड़ का बैंक लोन है। पुनिता 4.64 करोड़ की देनदार है। जयंत सिन्हा के पास 32.56 करोड़ की चल और 14.18 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 11.43 करोड़ की चल और 8.54 करोड़ की अचल संपत्ति है। जयंत सिन्हा द्वारा अचल संपत्ति पर 1.32 करोड़ का निर्माण कराया गया है। वहीं इनके पास 20 हजार रुपये नकद हैं।

Related posts

Leave a Comment