ललित कुमार पाल
दुमका। दुमका जिले हँसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने +2 हाई स्कूल हँसडीहा स्टेडियम से तीन युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, जो वहां ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी दुमका नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 19 वर्ष है।
यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। 5 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि स्टेडियम में कुछ युवक नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) जरमुन्डी, श्री नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। शाम करीब 4:10 बजे जब पुलिस टीम स्टेडियम पहुंची, तो वहां एक कमरे में बैठे तीन युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सहादत शेख (पिता मो. इकबाल), मो. बसीर (पिता मा. सलीम)—दोनों निवासी शांति नगर कब्रिस्तान दुधानी, दुमका—और आर्यन शेख (पिता इम्तियाज शेख), निवासी टावर चौक आइसक्रीम फैक्ट्री के पास दुधानी, दुमका के रूप में बताई। भागने का कारण पूछने पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
तलाशी के दौरान राजपत्रित पदाधिकारी SDPO नवल किशोर सिंह की मौजूदगी में माप-तौल मशीन से वजन कराने पर तीनों के पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। आरोपी सहादत शेख के पास से प्लास्टिक सहित 5.46 ग्राम, मो. बसीर के पास से 2.78 ग्राम और आर्यन शेख के पास से 1.48 ग्राम ब्राउन शुगर जैसी नशीली सामग्री मिली। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
इस सफल छापामारी दल में SDPO नवल किशोर सिंह के साथ हँसडीहा थाना प्रभारी पु.अ.नि. अजीत कुमार यादव, पु.अ.नि. जिम्मी हांसदा, अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि. दिलीप हांसदा, हवलदार देवप्रताप चौधरी, हवलदार सिमोन सोरेन, हवलदार बिनोद उरांव और चालक आरक्षी बेटाराम टुड्डू शामिल थे।
हँसडीहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्टेडियम में ब्राउन शुगर बेचते और सेवन करते तीन युवक गिरफ्तार, कुल 9.72 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
