रवि कुमार, गुरुआ
गुरुआ (गयाजी): गुरुआ बाजार स्थित पटवा टोली से तकिया मार्ग को जोड़ने वाली गली में नाली नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों का गंदा पानी निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से पूरी गली में जलजमाव की स्थिति बन गई है। इससे गली तालाब जैसी दिखाई देने लगी है और राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क तो पक्की बनी हुई है, लेकिन नाली का निर्माण नहीं होने के कारण मजबूरन घरों का गंदा पानी सड़क पर ही बहाया जा रहा है। लगातार जलजमाव रहने से गली में कीचड़ और दुर्गंध फैल गई है, जिससे लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है।इसी गली में गुरुआ उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मांझी का आवास तथा एक कोचिंग संस्थान भी स्थित है। प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुहल्लेवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से नाली निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लंबे समय से गंदे पानी के जमा रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक और जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।स्थानीय निवासी नंदकिशोर कुमार, अवधेश कुमार, लखन डॉक्टर सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब नाली निर्माण कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
पटवा टोली में नाली के अभाव में गली बनी तालाब, आवागमन बाधित
