एनटीपीसी पकरी बरवाडीह परियोजना द्वारा महिला डंपर आपरेटर्स को किया गया सम्मानित

विशेष प्रतिनिधि द्वारा
हजारीबाग :पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना द्वारा महिला डंपर संचालकों को सम्मानित किया गया। पकरी बरवाडीह परियोजना में 21 महिला डंपर अपनी सेवाएं दे रही हैं। पकरी बरवाडीह परियोजना के कार्यकारी निदेशक एम वी आर रेड्डी और जागृति महिला संघ की अध्यक्षा एम पद्मावथी ने महिलाशक्ति को इस कार्यक्रम में बुलाया एवं सभी विभागाध्यक्षों की उपस्थिती में सम्मानित किया। एनटीपीसी का खनन कार्य एमडीओ त्रिवेणी-सैनिक द्वारा किया जा रहा है जहां इन्हें रोजगार एवं अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इस अवसर पर बादम परियोजना के महाप्रबंधक संजय सेठ, (यांत्रिक निर्माण के महाप्रबंधक चन्द्रशेखर, आर एंड आर के उपमहाप्रबंधक अजीत कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महिलाओं को संबोधित करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि इतनी बड़ी मशीन को चलना सचमुच में एक बड़ी चुनौती है। इस काम को ये महिलाएं बड़ी दक्षता और सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करते हुए बखूबी कर रही हैं। श्रीमती रेड्डी ने कहा कि महिलाएं आज किसी से कम नहीं हैं। उन्हें सिर्फ अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। वे घर में तो अपनी जिम्मेदारी ठीक से संभाल ही रही हैं साथ ही पुरुष प्रधान समाज में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रही हैं और रोज नए आयाम रच रही हैं। परिवार को आर्थिक मदद के साथ साथ अन्य कठिन क्षेत्र में महिलाओं के लिए नए रोजगार के अवसर का उदाहरण भी पेश कर रही हैं।इन महिला संचालकों को इस काम में रखने से पहले कठिन प्रशिक्षण की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं को इस तरह का चुनौतीपूर्ण कार्य देना एक बहुत ही बड़ी और महिलाओं के लिए एक प्रेरणा का स्रोत है। इनमें से कुछ महिलाएं रांची में पिंक ऑटो चलाया करती थीं। इन्हें 100 टन का डंपर चलाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और कठिन प्रशिक्षण के बाद स्वतंत्र रूप से अपना कार्य कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति तो सुधरी ही साथ ही यह बात भी चरितार्थ हो गई कि महिलाएं किसी भी काम को करने में सक्षम हैं। इन महिलाओं के उत्साह को देखते हुए अब इन्हें 240 टन के डंपर को चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।महिला संचालकों ने मंच पर अपने प्रशिक्षण और काम की बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए और एनटीपीसी को इस प्रयास के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

Related posts

Leave a Comment