हम पूरी मेहनत से लड़े, परिणाम का कर रहे इंतजार:प्रियंका गांधी

दिल्ली व्यूरो
दिल्ली :विधानसभा चुनाव के खत्म होते ही तमाम न्यूज चैनल्स पर अलग अलग सर्वे दिखाए गए। अलग अलग इस एग्जिट पोल पर आंकड़े भी अलग अलग ही देखने को मिले। कोई यूपी में बीजेपी और सपा के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगा रहा था तो कोई बीजेपी की जीत बता रहा था। ऐसा ही हाल पंजाब-उत्तराखंड का भी था। कई एग्जिट पोल पर इन राज्यों में कांग्रेस को बढ़त मिल रही थी, तो कहीं कांटे की टक्कर का भी अनुमान लगाया जा रहा था। ज्यादातर सर्वे में दिखाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी की दूसरी बार सरकार यूपी में बनने जा रही है। तो वहीं, अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का एग्जिट पोल पर बयान सामने आया है।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंगा गांधी वाड्रा मंगलवार 08 मार्च को लखनऊ पहुंची। इस दौरान उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि हम इंतजार करेंगे और देखेंगे की चुनाव के नतीजे क्या रहते हैं… आज हम महिला दिवस मना रहे हैं। हमारी 159 महिला प्रत्याशी हैं। हमने अपनी तरफ से पूरा प्रयास किया है। हम जितनी मेहनत कर सकते थे उतनी की भी है।
इससे पहले, टीवी चैनलों की भविष्यवाणी को खारिज करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘उन्हें जो दिखाना हो दिखाने दीजिए। हम बहुमत से जीत रहे हैं।’ बता दें कि सोमवार शाम को एग्जिट पोल आने से पहले अखिलेश यादव ने एक मीडिया चैनल से हुई बातचीत के दौरान ये बात कही। अखिलेश यादव ने दावा किया कि हम इस बार 300 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करने जा रहे हैं। 300 से ज्यादा सीटों के साथ हम प्रदेश में सरकार बनाने जा रहे हैं।
उन्होंने प्रचार के दौरान झूठ और नकली डेटा पेश करने के लिए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों ने इसे महसूस किया और मुद्रास्फीति बेरोजगारी के खिलाफ और विकास और अपने भविष्य को देखते हुए वोट किया। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा-सातवें और निर्णायक चरण में सपा-गठबंधन की जीत को बहुमत से बहुत आगे ले जाने के लिए सभी मतदाताओं और विशेषकर युवाओं का बहुत-बहुत आभार! हम सरकार बना रहे हैं!
बता दें, आज राजधानी लखनऊ में प्रियंका गांधी महिला मार्च का आयोजन करेगी। ये मार्च 12 बजे से शुरू होगा और बेगम हजरत महल चौराहे से ऊदा देवी चौराहा होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास खत्म होगा। इस मार्च में महिला डॉक्टर, शिक्षिका, खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाएं भी शामिल होंगी। इस मार्च के लिए सुबह से ही भीड़ जुटने लगी है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि एग्ज़िट पोल का अब कोई वजूद नहीं है कई एजेंसियां एग्ज़िट पोल का काम करती है। 10 मांर्च को जब ईवीएम मशीन खुलेगी तब देखेंगे की लोगों ने किसे चुना है
एग्जिट पोल पर RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा कि ये एक राय है, मैं इससे सहमत नहीं हूं। जो उत्साह हमने देखा, परिवर्तन लाने के लिए एक निश्चय लोगों में था। मुझे लगता है सर्वे से अलग नतीजे होंगे। गठबंधन की सरकार बनेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है।

Related posts

Leave a Comment