रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
ओबरा (औरंगाबाद) :- जिले के ओबरा प्रखंड में शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति द्वारा अपने ही पिता और भाई पर फायरिंग की सूचना मिली। मामले की जानकारी मिलते ही ओबरा थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार, अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार एवं सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान आरोपी अजीत कुमार पिता- लालदेव सिंह, निवासी ओबरा अपनी महिंद्रा थार गाड़ी से भाग निकला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा शुरू किया। पुलिस को देखते ही आरोपी गाड़ी छोड़कर हथियार लहराते हुए सरसौली की ओर भागने लगा और फिर जम्होर थाना क्षेत्र के हरनाही गांव की तरफ दौड़ पड़ा। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे घेरकर सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया और मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, दो फायर किए हुए खोखा तथा उसकी थार गाड़ी बरामद की गई। थाना अध्यक्ष ने बताया कि अजीत कुमार पर पहले से आर्म्स एक्ट, अवैध गांजा बिक्री और शराब से जुड़े कुल 6 मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपने पिता और भाई के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित और बहादुरी भरी कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली है।
