लोहरदगा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, एक लाख के इनामी एरिया कमांडर सूरज खेरवार ने किया आत्मसमर्पण

naxalite suraj karwar surrender in front of lohardaga police
लोहरदगा। अंतर जिला मेगा आपरेशन डबल बुल के तहत चलाए गए अभियान में लोहरदगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस क्रम में बुधवार को प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के इनामी एरिया कमांडर सूरजनाथ खेरवार ने जिले के उपायुक्त डॉक्टर वाघमारे प्रसाद कृष्णा, पुलिस कप्तान प्रियंका मीणा व सीआरपीएफ कमांडेंट प्रभात कुमार संदवार तथा अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में आत्मसमर्पण किया।
झारखंड सरकार के उग्रवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति नई दिशा के तहत आत्मसमर्पण किए नक्सली एरिया कमांडर मूल रूप से लोहरदगा जिले के पेशरार थाना अंतर्गत बुलबुल गांव का रहने वाला है। माओवादी सूरजनाथ खेरवार के आत्मसमर्पण को जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी इसे एक बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि नक्सलियों के आत्मसमर्पण से न केवल माओवाद एवं उग्रवाद कमजोर हुआ है। बल्कि झारखंड पुलिस का भी हौसला बुलंद हुआ है। साथ ही सरकार की आत्मसर्पण नीति भी सार्थक साबित हुई है।
पुलिस कप्तान प्रियंका मीना ने कहा कि जो नक्सली अभी मुख्यधारा से बचे हुये हैं वे आत्मसमर्पण कर समाज के विकास में सहयोग करे और विकास में बाधा बनेंगे तो पुलिस उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर सूरज नाथ खेरवार के आत्मसमर्पण करने के बाद जिले के उपायुक्त डॉक्टर वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने भी इसे बड़ी उपलब्धि बतलाया।
इस मौके पर पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment