प्रतिबिंब पोर्टल की सूचना पर की गई छापेमारी, जाली वोटर आईडी, पासबुक, पेनकार्ड समेत 4 मोबाइल, लैपटॉप, अर्टिगा जब्त
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : झारखंड पुलिस मुख्यालय के प्रतिबिंब पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर थाना क्षेत्र से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, चतरा के निर्देश पर गठित छापेमारी दल ने राजपुर निवासी सनोज सिंह को दबोच लिया। गिरफ्तार सनोज सिंह, पिता उमेश सिंह, साकिन कलिया नावाडीह, थाना राजपुर, जिला चतरा के पास से पुलिस ने कई जाली दस्तावेज बरामद किए। इसमें अलग-अलग लोगों के नाम से एक ही नाम के कई वोटर आईडी कार्ड, पासबुक, पेनकार्ड, आधार कार्ड, एटीएम- डेबिट कार्ड और चेकबुक शामिल हैं। इसके अलावा 4 मोबाइल, लैपटॉप-चार्जर और जाली कागजात भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त अर्टिगा कार और स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि आरोपी फर्जी दस्तावेज बनाकर साइबर ठगी करता था। इस संबंध में राजपुर थाना में बीएनएस एवं आईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं का मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संदर्भ में चतरा सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेसवार्ता में बताया कि झारखंड पुलिस मुख्यालय के प्रतिबिंब पोर्टल से सूचना मिली थी कि राजपुर थाना क्षेत्र में एक साइबर अपराधी सक्रिय है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेरे नेतृत्व में थाना प्रभारी राजपुर रूपेश कुमार और थाना सशस्त्र बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनोज सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से जाली वोटर आईडी, पासबुक, पेनकार्ड, आधार कार्ड, 4 मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और दो वाहन बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी पर बीएनएस और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। चतरा पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आम लोगों से अपील है कि कोई भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावे पु.अ.नि रूपेश कुमार, थाना प्रभारी, राजपुर और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
