Birsa Times

प्रतापपुर थाना अंतर्गत गारा में अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन

प्रतापपुर थाना अंतर्गत गारा में अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन

दिव्य दिनकर:कुन्दन पासवान

चतरा। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर आगामी मुहर्रम त्योहार को देखते हुए जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग एवं प्रतापपुर थाना की संयुक्त टीम ने प्रतापपुर थाना के गारा गांव में छापामारी कर अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गारा गांव में जंगल में बने एक घर में छापेमारी की गई। जांच में खुलासा हुआ कि वहां स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। नामी ब्रांड की बोतलों में नकली शराब भरकर उस पर नकली लेबल एवं होलोग्राम लगाकर बोतलों की पैकिंग की जा रहीं थी। तैयार शराब को सीमावर्ती बिहार राज्य के बाजार में खपाने की तैयारी थी।

छापेमारी के दौरान छापामारी दल ने 526 बोतल (करीब 259.500 लीटर) बोतलबंद विदेशी शराब, पंचिंग मशीन, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, इंपीरियल ब्लू, सिग्नेचर प्रीमियर और रॉयल चैलेंज व्हिस्की के ढक्कन, लेबल, 40 लीटर स्पिरिट, एडहैसिव लेबल, बड़ी संख्या में खाली बोतल और एक मोटर साइकिल बरामद किया गया। उक्त कार्रवाई में घटनास्थल से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया जिनके विरुद्ध नियमसंगत कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में अधीक्षक उत्पाद प्रेम प्रकाश उरांव ने बताया कि सभी संलिप्त आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त महोदय के निर्देश पर मुहर्रम त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक आशीष कुमार पांडेय,अभिषेक आनंद, उत्पाद आरक्षी दल, गृहरक्षक बल, महिला गृहरक्षक एवं प्रतापपुर थाना की टीम सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *