आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा/साहिबगंज: बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग पर बीएसएनएल टावर के समीप रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतक अपने छोटे भाई की शादी के लिए केक लेने बाजार जा रहा था। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।मिली जानकारी के अनुसार, बरहरवा थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव निवासी सनाउल शेख (35) अपने रिश्तेदार शाहिद शेख (22) और अशरफ शेख के साथ मोटरसाइकिल से बरहरवा बाजार जा रहे थे। बताया जाता है कि सनाउल शेख अपने छोटे भाई की शादी के लिए केक खरीदने निकले थे। इसी दौरान बीएसएनएल टावर के पास सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई अनिल यादव, एसआई जितेंद्र कुमार एवं एसआई रणजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहरवा पहुंचाया।अस्पताल में इलाज के दौरान सनाउल शेख की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल शाहिद शेख को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जबकि अशरफ शेख का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया।सनाउल शेख की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अचानक गहरे शोक में डूब गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पूरे गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल है।
