कांग्रेस में बनाया जा सकता है अंतरिम अध्यक्ष

कांग्रेस में बनाया जा सकता है अंतरिम अध्यक्ष

News Agency : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे को लेकर सस्पेंस जारी है। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अगर अध्यक्ष पद से इस्तीफे का अपना फैसला नहीं बदलते हैं तो पार्टी को कुछ दूसरे वैकल्पिक तरीकों पर सोचना होगा। गांधी परिवार के अध्यक्ष नहीं रहने की हालत में फैसले लेने के लिए पार्टी एक अलग बॉडी बना सकती है। कांग्रेस में अंतरिम अध्यक्ष बनाने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। पार्टी की वर्तमान स्थितियों को देखकर ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस में एक वरिष्ठ नेता को अंतरिम अध्यक्ष बनाया जा सकता है। अंतरिम अध्यक्ष को फैसले लेने में सहयोग के लिए कलीजियम होगी जिसमें कुछ बड़े चेहरे शामिल होंगे। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी आज राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव नतीजों में कांग्रेस को मिली fifty two सीटों के साथ ही पार्टी की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के लिए एंटनी कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने माना कि अब तक पार्टी स्तर पर कोई बड़ा फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘अभी तक इस संबंध में कोई प्रगति नहीं हुई है। राहुल गांधी को इस्तीफा नहीं देने के लिए मनाने की कोशिशों का अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। अगर राहुल गांधी अध्यक्ष बने रहने के लिए राजी हो जाते हैं तो किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं होगी।’ सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का नेता बनने के लिए भी मनाया जा रहा है। हालांकि, माना जा रहा है कि अगले सप्ताह लोकसभा में कांग्रेस नेता कौन होगा इसका औपचारिक ऐलान हो जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफे पर अड़े होने के बाद अंतरिम प्रेजिडेंट और उसकी सहायता के लिए कलीजियम की चर्चा जोरों पर है। चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की थी।

Related posts

Leave a Comment