गोपालगंज के बीजेपी विधायक सुभाष सिंह का निधन

राजनीतिक संवाददाता द्वारा
पटना, : बिहार के पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक सुभाष सिंह का निधन हो गया है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मंगलवार की सुबह ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ”गोपालगंज सदर से पूर्व मंत्री सह भाजपा विधायक श्री सुभाष सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति ॐ।” किडनी ट्रांसप्लांट के बाद दोबारा बिगड़ी थी तबीयत सदर प्रखंड के ख़्वाजेपुर गांव निवासी सुभाष सिंह गोपालगंज सदर से भाजपा के टिकट पर लगातार चार बार विधायक रहे थे। सुभाष सिंह का मंगलवार की सुबह 4 बजे दिल्ली एम्स में निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, सुभाष सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उन्हें दोबारा एम्स में भर्ती कराया गया था। सुभाष सिंह के परिवारवालों के मुताबिक, किडनी ट्रांसप्लांट होने के बाद उन्हें गोपालगंज घर लाया गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर दोबारा दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था
सुशील मोदी ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर कहा कि गोपालगंज विधायक एवं पूर्व मंत्री सुभाष सिंह का देर रात एम्स नई दिल्ली में निधन हो गया। उनका हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। हम सभी लोग अत्यंत दुखी हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
बता दें कि सुभाष सिंह पिछली नीतीश सरकार में सहकारिता मंत्री थे। लंबे समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर पटना से हवाई जहाज से दिल्ली ले जाया गया था। वे किडनी ट्रांसप्लांट के बाद बीमार चल रहे थे।
पिछले दिनों राष्ट्रपति चुनाव में भी वे वोटिंग के लिए पटना नहीं आ सके थे। सुभाष सिंह चार बार गोपालगंज से विधायक रह चुके हैं। 2021 में उन्हें एनडीए गठबंधन वाली नीतीश सरकार में सहकारिता मंत्री बनाया गया था। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और चार बेटियों को छोड़ गए हैं।
पैतृक गांव में होगा दाह-संस्कार गोपालगंज भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि विशेष विमान से उनका पार्थिव शरीर पटना लाया जाएगा। इसके बाद गोपालगंज के ख़्वाजेपुर स्थित पैतृक गांव में दाह-संस्कार किया जाएगा। बता दें, सुभाष सिंह बिहार विधानसभा चुनाव 2005, 2010, 2015 और 2020 में लगातार विधायक चुने गए। लगातार चार बार विधायक रहने पर एनडीए की सरकार में उन्हें सहकारिता मंत्री बनाया गया था।

Related posts

Leave a Comment