Skip to main content

Birsa Times

चतरा में हथियार और 54 गोलियों के साथ टीएसपीसी समर्थक गिरफ्तार

चतरा में हथियार और 54 गोलियों के साथ टीएसपीसी समर्थक गिरफ्तार

राहुल दुबे गैंग से भी संपर्क, अपराध को अंजाम देने की फिराक में कर रहा था रेकी; जंगल में छिपाकर रखी गयीं गोलियां बरामद
चतरा। चतरा पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ टीएसपीसी नक्सली संगठन के एक कथित समर्थक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी कट्टा, 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे बरामद किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके की रेकी कर रहा था। उसका संपर्क राहुल दुबे गैंग से भी बताया जा रहा है।
सोमवार को एसपी अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 11 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस को देखते ही जंगल की ओर भागने लगा आरोपी
पुलिस टीम जब साई नाथ लाइन होटल के पास पहुंची, तो मैदान में मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के मुरपा गांव स्थित भगिया बरवा टोली निवासी 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और 10 गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गयी 50 जिंदा गोलियां और दो खोखे भी बरामद किये गये। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान में कुल 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां, दो खोखे और एक देसी कट्टा शामिल हैं।

टीएसपीसी नक्सली ने रखने के लिए दिए थे हथियार
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टीएसपीसी के एक नक्सली ने आरोपी को हथियार और कारतूस रखने के लिए दिए थे। आरोपी के राहुल दुबे गैंग से भी संपर्क की जानकारी मिली है। पुलिस इस संपर्क और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।

छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *