Skip to main content

Birsa Times

भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वही संगठन के मालिक : नितिन नवीन

भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वही संगठन के मालिक : नितिन नवीन

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और वही संगठन के वास्तविक मालिक हैं। कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और प्रतिबद्धता के बल पर ही पार्टी की नीतियां तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं।

नितिन नवीन रविवार को रांची के कांके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा परिसर में बूथ संख्या-249 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का सामूहिक श्रवण कर रहे थे। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

बूथ अध्यक्ष को बताया संगठन का मालिक

कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़ी एक विशेष पहल की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पीछे खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाया और अपने बगल में खड़ा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ अध्यक्ष को संगठन का मालिक बताते हुए कहा कि पार्टी की नींव बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही संगठन मजबूत होता है। वे सरकार की योजनाओं और पार्टी के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए संगठन में उनके योगदान और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, लगाया रुद्राक्ष का पौधा

कार्यक्रम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के बाद उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद किया। नितिन नवीन ने सभी का अभिवादन करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

लखपति दीदी योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिशन मोड में काम कर रहे हैं। तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में काम करना है।

उन्होंने कहा कि जब माताएं और बहनें आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता परिवारों को मजबूती देने के साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी योगदान करती है।

उन्होंने महिलाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उन्हें अपने परिवार, गांव और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

बेटियों की शिक्षा को बताया समाज की प्रगति का आधार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बच्चों की शिक्षा और विशेष रूप से बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि बेटियों को पढ़ाना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना और आत्मनिर्भर बनाना परिवार तथा समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से प्रधानमंत्री के विचारों तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में नितिन नवीन ने उपस्थित लोगों को ‘प्रणाम’ और ‘जोहार’ कहकर अभिवादन किया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार और रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी भाग लिया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *