बालूमाथ: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत चेताग पंचायत के दिरीदाग गांव के समीप रविवार शाम सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और उसकी दो छोटी बेटियां भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान दिरीदाग गांव निवासी सोनी देवी (32 वर्ष), उनकी बेटियां मानसी कुमारी (6 वर्ष) और माही कुमारी (4 वर्ष) तथा घूटाम गांव निवासी बिसू गंझू और शंकर लोहरा के रूप में हुई है।
पीछे से बाइक की टक्कर से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सोनी देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ टमाटर के खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ प्राथमिक उपचार
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक दीपक कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सोनी देवी की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
