Skip to main content

Birsa Times

श्रावणी मेला: शिवगंगा के कुएं में गिरे श्रद्धालु की बची जान, NDRF ने 10 मिनट में किया रेस्क्यू

श्रावणी मेला: शिवगंगा के कुएं में गिरे श्रद्धालु की बची जान, NDRF ने 10 मिनट में किया रेस्क्यू

-बिहार के गया निवासी योगेंद्र चौधरी को सुरक्षित बाहर निकाला गया
-देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला के दौरान सोमवार दोपहर शिवगंगा तालाब के पास कुएं में गिरे एक श्रद्धालु को एनडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महज 10 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम ने श्रद्धालु को कुएं से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कैंप भेज दिया।

घटना दोपहर करीब 1:30 बजे भट्टर धर्मशाला स्थित कुएं में हुई। स्थानीय लोगों ने एक श्रद्धालु को कुएं में गिरते देखा और तत्काल मेला कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दोपहर 1:35 बजे शिवगंगा में तैनात एनडीआरएफ टीम को अलर्ट किया गया।

इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एक सब-ऑफिसर और छह जवानों की टीम करीब 1:40 बजे घटनास्थल पर पहुंची और बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया।

रस्सी और कैराबिनर की मदद से निकाला बाहर
रेस्क्यू के दौरान एक बचावकर्मी रस्सी और कैराबिनर के सहारे कुएं में उतरा। उसने श्रद्धालु को सुरक्षित तरीके से बांधा। इसके बाद आधुनिक बचाव उपकरणों की सहायता से करीब 1:45 बजे उसे कुएं से बाहर निकाल लिया गया।

कुएं से बाहर निकाले गए श्रद्धालु की पहचान 28 वर्षीय योगेंद्र चौधरी, पिता विलास चौधरी, निवासी बोधगया, गया (बिहार) के रूप में हुई है। एनडीआरएफ टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें पुलिस ओपी-6 को सौंप दिया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कैंप भेजा गया। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *