Skip to main content

Birsa Times

नए आपराधिक कानूनों की निगरानी होगी तेज, झारखंड में हर माह होगी समीक्षा बैठक

नए आपराधिक कानूनों की निगरानी होगी तेज, झारखंड में हर माह होगी समीक्षा बैठक

रांची। झारखंड में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस मुख्यालय स्तर पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने नए कानूनों और उनसे जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए हर महीने बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है।

विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक प्रत्येक महीने की पहली और 15वीं तारीख को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यदि निर्धारित तारीख को अवकाश रहता है तो बैठक अगले कार्यदिवस पर होगी। इन बैठकों में नए आपराधिक कानूनों के तहत हो रही कार्रवाई, प्रगति और संबंधित मामलों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

इस सिलसिले में पहली समीक्षा बैठक 21 अगस्त को सुबह 11.30 बजे आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव करेंगे। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के अलावा राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर भी चर्चा की जाएगी।

अभियान आईजी नरेंद्र कुमार सिंह को बैठक के लिए नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उन्हें बैठक की तैयारियों के साथ संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक को लेकर पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षकों सहित अभियोजन निदेशालय, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, एनआईसी-सीआईजेएस और अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना भेजी गई है। नियमित समीक्षा के जरिए नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और प्रगति की निगरानी की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *