Skip to main content

Birsa Times

स्कूली बच्चों से भरी मैजिक और पिकअप में भिड़ंत, एक छात्रा की मौत, चार गंभीर

स्कूली बच्चों से भरी मैजिक और पिकअप में भिड़ंत, एक छात्रा की मौत, चार गंभीर

देवघर। सारठ-चितरा मुख्य मार्ग पर मांझलीबाद गांव के समीप मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरी मैजिक गाड़ी और सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गयी। दुर्घटना में एक छात्रा की मौत हो गयी, जबकि चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मैजिक गाड़ी में करीब 15 स्कूली बच्चे सवार थे। सभी बच्चे नारंगी मोड़ स्थित अपने विद्यालय जा रहे थे। मंगलवार को जैसे ही मैजिक मांझलीबाद गांव के पास पहुंची, सामने से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। टक्कर के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गयी।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गये। ग्रामीणों ने मैजिक में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चितरा थाना क्षेत्र के खमार गांव निवासी मुन्नी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना में घायल चार बच्चों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। अन्य बच्चों को भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गये। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पिकअप वैन की तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *