-झारखंड-बिहार के कई इलाकों में वारदात का आरोप, तीन बाइक और दो मोबाइल बरामद
-आदिवासी एक्सप्रेस/ लालू कुमार यादव
हुसैनाबाद,पलामू: हुसैनाबाद पुलिस ने झारखंड और बिहार में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम कार्रवाई कर रही थी। 12 अक्टूबर की रात बराही धाम जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दंगवार स्कूल मैदान में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब तीन वर्षों से हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद समेत विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की दूसरी वारदातों की जांच में जुटी है।
