नई दिल्ली: केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने एसबीआई फ्रॉड मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी से गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने मुख्यालय में पूछताछ की। सीबीआई की पूछताछ रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (आरकॉम) से जुड़ी हुई है, जिसे लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने एफआईआर दर्ज कराई थी। मामला एसबीआई के 2929 करोड़ रुपये के लोन फ्रॉड से जुड़ा है। गुरुवार को अनिल अंबानी की दो प्रमुख कंपनियों के शेयर गिर गए।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने बैंक द्वारा कंपनी को दिए गए लोन के दुरुपयोग और अन्य अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘अनिल अंबानी 19 और 20 मार्च 2026 को दिल्ली में सीबीआई के समक्ष पेश होंगे, जहां एसबीआई द्वारा आरकॉम के संबंध में की गई शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जाएगी।’

पिछले साल दर्ज हुआ था मामला
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने एसबीआई के साथ कथित रूप से 2929.05 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में अंबानी के खिलाफ पिछले साल अगस्त में मामला दर्ज किया था। एसबीआई की शिकायत अब एफआईआर का हिस्सा है।
शिकायत के अनुसार कंपनी पर विभिन्न ऋणदाताओं का 40,000 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है जिससे एसबीआई को 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। यह आंकड़े साल 2018 के हैं।
सीबीआई ने अंबानी और आरकॉम के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पिछले हफ्ते बेटे से हुई थी पूछताछ
पिछले हफ्ते अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से सीबीआई ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) से जुड़े 228 करोड़ रुपए के धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की थी। प्रमुख जांच एजेंसी ने उनसे दो दिनों तक पूछताछ की। एजेंसी ने उनसे एक कथित बैंक धोखाधड़ी मामले के संबंध में पूछताछ की, जिसमें उनके साथ रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व सीईओ और पूर्व पूर्णकालिक निदेशक रविंद्र सुधालकर और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बेटे पर दिसंबर 2025 में दर्ज हुआ था केस
सीबीआई ने 6 दिसंबर 2025 को रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल), जय अनमोल अनिल अंबानी, रविंद्र सुधालकर, अज्ञात व्यक्तियों और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज किया था।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत के आधार पर रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप की कंपनी आरएचएफएल, उसके प्रमोटरों या निदेशकों और अज्ञात बैंक अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार का आरोप लगाया गया था, जिससे यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व-आंध्र बैंक) को 228.06 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
ईडी कर चुकी है संपत्ति जब्त
इससे पहले ईडी ने अनिल अंबानी ग्रुप की कंपनियों रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) की 581 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को जब्त कर लिया था।
शेयर हुए धड़ाम
गुरुवार को अनिल अंबानी की दो प्रमुख कंपनी रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ्रा के शेयर में बड़ी गिरावट आई। दोपहर 2:30 बजे रिलायंस पावर के शेयर 3.17% की गिरावट के साथ 22.02 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। रिलायंस इंफ्रा के शेयर में भी 3 फीसदी से ज्यादा लुढ़के। यह शेयर 3.70% की गिरावट के साथ 76.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

