रांची। झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 1 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और जलजमाव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

वहीं रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 2 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। विशेष रूप से गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में तेज बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
3 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने के संकेत हैं। मौसम केंद्र के अनुसार इस दिन राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि गरज, वज्रपात और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। अगले दो दिनों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है।
पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार के महुआडांड़ क्षेत्र में सबसे अधिक 171 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बोकारो में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
