
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रामनवमी के पावन अवसर पर अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के निवारणपुर स्थित प्रसिद्ध श्री राम जानकी तपोवन मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के चरणों में माथा टेका और राज्य की प्रगति, सुख-शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। प्रदेशवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी आस्था के अनूठे समागम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मंदिर में उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और विभिन्न अखाड़ों द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्राओं का जिक्र करते हुए लोगों से अपील की कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सभी नागरिक सामाजिक सद्भाव और समरसता बनाए रखते हुए इस पर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।

तपोवन मंदिर के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार इस धार्मिक स्थल की पहचान को और अधिक सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य तेजी से चल रहा है और वे जल्द से जल्द इस मंदिर को एक भव्य रूप में देखने की कामना करते हैं। तपोवन मंदिर जाने से पहले मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी के साथ मुख्यमंत्री आवास स्थित मंदिर में भी पूजा-अर्चना की थी और झारखंड के सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की।
