देवरी। बरसात के मौसम में नेकपुरा से देवरी जाने वाली सड़क की स्थिति एक बार फिर अत्यंत जर्जर हो गई है। इस सड़क से चार-पांच पंचायतों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। वहीं सुबह के समय बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। कांग्रेस महासचिव अनिल चौधरी ने कहा कि इससे पहले भी सड़क की बदहाली को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद ठेकेदार द्वारा कुछ गड्ढों को आनन-फानन में भरकर केवल खानापूर्ति कर दी गई थी। लेकिन स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण बरसात शुरू होते ही सड़क की स्थिति फिर बदतर हो गई है। उन्होंने कहा कि कुछ गड्ढों को भर देना सड़क की समस्या का समाधान नहीं है। सड़क का समुचित निर्माण और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जरूरी है, क्योंकि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है और स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी इससे जुड़ी हुई है। अनिल चौधरी ने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क बनवाने का वादा करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते। क्षेत्र के तीन बार के विधायक रहे जनप्रतिनिधि को भी इस सड़क की बदहाली से कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नेकपुरा–देवरी सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया और भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो इसकी जवाबदेही विधायक, सांसद और संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की कि खानापूर्ति के बजाय सड़क की स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत तत्काल कराई जाए। जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बंद हो और सड़क को अविलंब दुरुस्त किया जाए।
देवरी: आंदोलन की चेतावनी के बाद हुई थी खानापूर्ति, फिर जर्जर हो गई नेकपुरा–देवरी सड़क
- September 1, 2026
0
5
Less than a minute
You can share this post!
administrator
