स्थानीय ग्रामीणों ने कहा, सम्बन्धित विभाग जल्द लें संज्ञान, नहीं तो करेंगे बड़ा आन्दोलन
संवाददाता/जिला व्यूरो चीफ/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। कांके प्रखंड अंतर्गत उरुगुट्टू मुख्य सड़क से काटमकुली जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग पिछले एक महीने से जलजमाव की गंभीर समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं। लगातार सड़क पर पानी जमा रहने के कारण इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों, बच्चों को स्कूल भेजने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यह समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इस बार स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सड़क पर कई फीट तक पानी जमा रहने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद हो गया है। लोग मजबूरी में लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने को बेबस हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने के लिए वे मजबूर होंगे।
उरुगुट्टू-काटमकुली जाने का मुख्य मार्ग एक महीने से बाधित, जलजमाव बना राहगीरों के लिए बरसात में मुसीबत
