Skip to main content

Birsa Times

सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, संवेदनशील स्थलों पर लगाए गए कॉन्वेक्स मिरर, रोड शेवरॉन एवं ड्रम डिलिनेटर

सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, संवेदनशील स्थलों पर लगाए गए कॉन्वेक्स मिरर, रोड शेवरॉन एवं ड्रम डिलिनेटर

आदिवासी एक्सप्रेस, ब्यूरो रिपोर्ट ललित कुमार पाल
दुमका/
दुमका जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर कॉन्वेक्स मिरर (Convex Mirror), रोड शेवरॉन (Road Chevron) एवं ड्रम डिलिनेटर (Drum Delineator) स्थापित किए जा रहे हैं। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की पहल पर यह कार्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

जिले के विभिन्न घुमावदार, संकरे एवं दृश्यता की दृष्टि से संवेदनशील मार्गों का चिन्हांकन कर वहां इन सड़क सुरक्षा उपकरणों की स्थापना की गई है। कॉन्वेक्स मिरर लगाए जाने से वाहन चालकों को मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहनों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की स्पष्ट दृश्यता प्राप्त होगी, जिससे आमने-सामने की टक्कर एवं अन्य सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। वहीं रोड शेवरॉन एवं ड्रम डिलिनेटर के माध्यम से मोड़ों एवं सड़क की दिशा का स्पष्ट संकेत मिलने से रात्रिकालीन एवं प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा होगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति प्रभावी एवं दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित करना है। इसी क्रम में आगामी दिनों में अन्य दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थलों पर भी आवश्यकता के अनुरूप सड़क सुरक्षा उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही आमजन एवं वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही घुमावदार मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए यातायात नियमों का पालन करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *