Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह: स्कूल जाते वक्त मिला रुपयों से भरा बैग, आठवीं के छात्र बंटी ने दंपति को लौटाए पैसे

गिरिडीह: स्कूल जाते वक्त मिला रुपयों से भरा बैग, आठवीं के छात्र बंटी ने दंपति को लौटाए पैसे

​गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरुमटांड के एक छात्र ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। कक्षा 8 के छात्र बंटी कुमार सिंह पिता विजय सिंह ने सड़क पर गिरे रुपयों से भरे बैग को उसके असली मालिक तक पहुँचाकर यह साबित कर दिया कि संस्कार किताबी ज्ञान से कहीं ऊपर होते हैं। ​गुरुवार की सुबह श्यामसिंह नावाडीह से मानस पंडा और उनकी पत्नी अपनी स्कूटी से मिर्जागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूल के पास उनका एक बैग सड़क पर गिर गया। उन्हें आगे जाने के बाद पता चला कि उनका बैग कहीं गिर गया है। फिर वह वापस लौटे। उस बैग में 10,000 रुपये नकद और अस्पताल के जरूरी कागजात थे। ​स्कूल जा रहे छात्र बंटी कुमार सिंह की नजर जब उस बैग पर पड़ी, तो उसने उसे उठाकर देखा। बैग में मोटी रकम और जरूरी कागजात देख बंटी ने तुरंत निर्णय लिया। ​दिखाई समझदारी, स्कूल की प्रार्थना का समय होने वाला था, इसलिए बंटी ने बैग अपने साथी सत्यम सिंह और शेखर सिंह को दिया और उन्हें सड़क किनारे एक दुकान पर रुकने को कहा। ​हिदायत: उसने अपने दोस्तों से कहा कि यदि कोई इस बैग को ढूंढते हुए आए, तो उसे यह सौंप देना। इसके बाद वह खुद प्रार्थना की कतार में शामिल हो गया। ​कुछ ही देर बाद, अपना कीमती बैग खोने के गम में रोते- बिलखते दंपति वहां पहुंचे। बंटी विद्यालय में प्रार्थना कर रहा था और कतार में खड़ा था। खड़े बंटी ने उन्हें तुरंत पहचान लिया और दौड़कर अपने साथियों से बैग लेकर उन्हें सौंप दिया। दंपति ने जब पैसे गिने, तो पूरे 10,000 रुपये सुरक्षित थे।
​पीड़ित मानस पंडा और उनकी पत्नी ने कहा कि आज के दौर में ऐसी ईमानदारी दुर्लभ है। बंटी ने न केवल हमारे पैसे लौटाए, बल्कि हमारा विश्वास भी जीत लिया। मुक्तकंठ से उन लोगों ने बंटी की प्रशंसा की और कहा की आज के जमाने में इस तरह के इंसान बहुत कम हैं, जो पाया हुआ सामान वापस करते हैं। ​बंटी की इस नेकदिली से खुश होकर दंपति ने उसे इनाम के तौर पर 500 रुपये देने चाहे। बंटी ने पहले तो विनम्रता से मना कर दिया, लेकिन दंपति के बहुत आग्रह और प्यार भरे दबाव के बाद उसने उसे आशीर्वाद स्वरूप स्वीकार किया।

​विद्यालय और समाज के लिए प्रेरणा

​विद्यालय परिवार ने बंटी की इस ईमानदारी पर गर्व व्यक्त किया है। शिक्षकों का कहना है कि बंटी जैसे छात्र समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो यह दिखाते हैं कि शिक्षा का असली उद्देश्य अच्छे चरित्र का निर्माण करना है। आज पूरे क्षेत्र में इस छोटे से बालक की बड़ी ईमानदारी की चर्चा हो रही है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरुमटांड के प्रधानाध्यापिका सबिता मिश्रा ने बंटी की सराहना की और उन्हें सोमवार को पुरस्कृत करने का फैसला लिया है। मौके पर कंप्यूटर शिक्षक अभिषेक मिश्रा ने भी उनकी खूब तारीफ की और उन्हें काफी सराहा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *