कांग्रेस-‘आप’ के गठबंधन पर फैसला आज

दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की जोर-आजमाइश से जल्द ही पर्दा उठेगा। आज स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद लगाई जा रही है कि दोनों पार्टियां गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में उतरेंगी या अपने दम पर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित तो शुरू से कहती रही हैं कि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी, इस बीच उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि गठबंधन पर सोमवार को आधिकारिक घोषणा होगी।

आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर पेच फंसने के बीच कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी की पहली बैठक भी हो चुकी है। 

प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने तो सभी सात सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल भी तैयार कर लिया है। लोकसभा की हर सीट पर तीन से चार नामों का पैनल तैयार किया गया है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार करीब 80 नेताओं ने दावेदारी की है। कांग्रेस कमेटी ने इनमें से संभावित उम्मीदवारों के नामों का पैनल तैयार किया है। पुराने चेहरों पर भी विचार किया जा रहा है। 

लोकसभा चुनाव में सत्ता पक्ष के नेताओं को घेरने के लिए विपक्ष कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता जयकिशन ने रविवार को भाजपा सांसद डॉ. उदित राज के खिलाफ गुमशुदगी की शिकायत की है।

सुल्तानपुर जलेबी चौक से मार्च कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज पार्क थाने में लिखित शिकायत दी कि उनका सांसद गुम है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता  भी मौजूद रहीं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।

शिकायत दर्ज कराने के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक जयकिशन ने कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में सांसद डॉ. उदित राज दिखाई नहीं पड़ते, उन्हें जो पकड़ कर लाएगा उसे पांच लाख रुपयों का इनाम कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर देंगे। भाजपा सिर्फ विकास का ढिंढोरा पिटती है। सांसद पिछले पांच साल से क्षेत्र में दिखाई नहीं दे रहे हैं। 

Related posts

Leave a Comment