झारखंड में भाजपा ने नए चेहरों पर खेला बड़ा दांव

लोकसभा चुनाव के लिए झारखंड में बाकी बचे भाजपा के तीन प्रत्‍यााशियों के नामों की घोषणा के बाद तमाम संशय-सस्‍पेंस खत्‍म हो गए हैं। चतरा में जहां भारतीय जनता पार्टी ने पुराने सांसद सुनील सिंह पर भरोसा जताया है, वहीं कोडरमा और रांची में इस बार बीजेपी की टिकट पर नये चेहरों को भाग्‍य आजमाने का मौका मिला है। पार्टी ने इन दोनों सीटों पर तमाम कयासों को झुठलाते हुए नया प्रयोग किया।

महज एक हफ्ते पहले राजद छोड़कर भाजपा में आईं आरजेडी की पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष और लालू प्रसाद यादव की अति विश्‍वसनीय कही जाने वाली अन्‍नपूर्णा देवी को कोडरमा से बीजेपी उम्‍मीदवार बनाया गया है। शनिवार को घोषित हुए तीन उम्मीदवारों के नाम के साथ ही एनडीए ने झारखंड के सभी सीटों पर अपने प्रत्याशित घोषित कर दिए। रांची में पार्टी ने बुजुर्ग सांसद रामटहल चौधरी का टिकट काटकर संजय सेठ पर दांव खेला है।

राजद से भाजपा में शामिल हुईं अन्नपूर्णा देवी पहली बार 1998 में हुए उपचुनाव में कोडरमा से विधायक बनीं। वर्ष 2000, 2005 और 2009 का विधानसभा चुनाव कोडरमा से जीता। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की नीरा यादव से पराजित हुईं।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुनील सिंह लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं। 2014 में पहली बार चतरा संसदीय सीट से चुनाव में उतरे और कांग्रेस के धीरज साहू को पराजित किया। एक बार फिर भाजपा ने उन पर भरोसा कर चतरा से उतारा है।

संजय सेठ झारखंड राज्य खादी बोर्ड के अध्यक्ष है। संगठन में लंबे समय तक अपने दायित्वों का निर्वाह किया है। पार्टी के आंतरिक विवादों के चलते ये बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो में भी शामिल हुए लेकिन जल्द ही वापस भाजपा में लौट आए।

ये हैं झारखंड के एनडीए प्रत्‍याशी :

संसदीय क्षेत्र          नाम
रांची               संजय सेठ
चतरा              सुनील सिंह
कोडरमा           अन्नपूर्णा देवी
लोहरदगा          सुदर्शन भगत
हजारीबाग          जयंत सिन्हा
खूंटी               अर्जुन मुंडा
सिंहभूम            लक्ष्मण गिलुवा
जमशेदपुर          विद्युत वरण महतो
धनबाद           पीएन सिंह
दुमका             सुनील सोरेन
गोड्डा            निशिकांत दुबे
राजमहल          हेमलाल मुर्मू
पलामू            वीडी राम
गिरिडीह           चंद्रप्रकाश चौधरी (आजसू)

Related posts

Leave a Comment