आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर : बांधडीह पंचायत के परवाटांड़ गांव में आज़ादी के दशकों बाद पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित इस गांव के लोगों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं है। बिजली आपूर्ति शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और इसे गांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य अजरूद्दीन अंसारी ने कहा कि यह उपलब्धि लगातार किए गए अथक प्रयास, मेहनत और जनसहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया गया, जिसके बाद आज गांव में रोशनी पहुंच सकी। उन्होंने कहा कि अब परवाटांड़ गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा और बच्चों की पढ़ाई से लेकर लोगों के दैनिक जीवन तक में सकारात्मक बदलाव आएगा।
वहीं समाजसेवी सफीक अंसारी ने कहा कि गांव में बिजली पहुंचने से यहां के लोगों को आधुनिक युग की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अब ग्रामीण बेहतर शिक्षा, संचार और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इसे पूरे गांव के लिए गर्व और खुशी का क्षण बताया।
बिजली पहुंचने की इस उपलब्धि पर ग्रामीणों एवं बुद्धिजीवियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से गांव के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
आज़ादी के बाद परवाटांड़ गांव में पहुंची बिजली, ग्रामीणों में खुशी की लहर
