Birsa Times

सिस्टा की राष्ट्रीय बैठक में कर्मचारियों के अधिकारों पर मंथन, आरक्षण और पदोन्नति की मांग हुई मुखर

सिस्टा की राष्ट्रीय बैठक में कर्मचारियों के अधिकारों पर मंथन, आरक्षण और पदोन्नति की मांग हुई मुखर

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर :
कोल इंडिया एससी-एसटी एम्प्लाइज एसोसिएशन (सिस्टा-CISTA) की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं चितरा कोलियरी शाखा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कर्मचारियों के हितों, आरक्षण व्यवस्था, पदोन्नति और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कोल इंडिया के अधीन कार्यरत एससी-एसटी कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ठेका व्यवस्था में आरक्षण लागू करने, वाटर सप्लाई सहित अन्य सेवाओं में आरक्षण सुनिश्चित करने तथा पदोन्नति में आरक्षित वर्ग के अधिकारों को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष दीनानाथ उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुमार गोगुलवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र राम, राष्ट्रीय महासचिव परमहंस प्रसाद तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के.के. जोशी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय नेतृत्व के सदस्य अमरचंद नायक, जॉली जी, अमोल बागेश्वर और प्रसादी दास ने भी अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष श्रीमती आशा लकड़ा के समक्ष भी कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से रखा। चितरा कोलियरी शाखा समिति के पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों के समक्ष आ रही समस्याओं से आयोग को अवगत कराया।
संगठन के नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक एससी-एसटी कर्मचारियों से जुड़े आरक्षण, पदोन्नति और अन्य नीतिगत मुद्दों का समाधान नहीं होगा, तब तक संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा। बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *