रिपोर्ट – रवि कुमार
गुरुआ थाना क्षेत्र के गुनेरी पंचायत अंतर्गत तारापुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, तेतर मांझी नामक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास ही बैठा रहा।सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। लोगों ने खिड़की से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गुरुआ थाना पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही गुरुआ पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी तेतर मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।घटना की जानकारी मिलते ही गुनेरी पंचायत के मुखिया पति राम प्यारे पासवान पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी तथा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा मिलने वाली सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
गुरुआ थाना क्षेत्र के गुनेरी के तारापुर में पति ने पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
