एनएच-39 निर्माण पर भड़के ग्रामीण: पत्थरबाजी के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल
पलामू। पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित चियांकी में नेशनल हाईवे 39 (NH-39) के निर्माण को लेकर गुरुवार सुबह भारी हंगामा हो गया। सड़क चौड़ीकरण के तहत मकानों को ध्वस्त करने पहुंचे एनएचएआई (NHAI) और प्रशासनिक दस्ते का स्थानीय रैयतों ने उग्र विरोध किया। ग्रामीणों की मांग थी कि बिना उचित मुआवजा दिए उनके मकानों को न तोड़ा जाए।
बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। इस हिंसक झड़प में कई ग्रामीण चोटिल हो गए, जबकि झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के जवान राजमोहन सिंह (सिर में गंभीर चोट) और सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी (पैर में चोट) जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर इलाके में पहले से ही दो दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई थी, इसके बावजूद भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कराया गया। फिलहाल सदर एसडीओ संजय पांडे, एसडीपीओ राजेश यादव और थाना प्रभारी अफजल अंसारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
