आदिवासी एक्सप्रेस/पप्पू यादव
लिवर इंफेक्शन,ऑपरेशन के बाद बिगडा युवक का हालात
नौडीहा बाजार/पलामू। पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत सरईडीह पंचायत के खरड़िहा गांव से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां 27 वर्षीय हरेंद्र कुमार लीवर इंफेक्शन के ऑपरेशन के बाद जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। वृद्ध मां रजमनिया देवी और भाई अखिलेश कुमार ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से बेहतर इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, करीब 2 माह पूर्व मजदूरी करने गए हरेंद्र कुमार के पेट में अचानक दर्द शुरू हुआ। घर आने पर परिजन उसे डाल्टनगंज स्थित निजी अस्पताल लाइफ लाइन हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉ. राहत निजाम ने जांच के बाद लीवर में इंफेक्शन बताया। 21 अप्रैल को लीवर का ऑपरेशन किया गया।
भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद हरेंद्र की स्थिति लगातार बिगड़ती गई। इलाज पर अब तक 7 से 8 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। वर्तमान में हरेंद्र के शरीर में मात्र तीन यूनिट ब्लड शेष है। पिछले दो दिनों से उसने खाना-पीना भी बंद कर दिया है। शरीर लगातार सूखता जा रहा है और बोलने-चलने की स्थिति में नहीं है।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने किसी भी समय अनहोनी की आशंका जताई है। इलाज में सारी जमा-पूंजी खर्च होने के बाद अब परिवार घर-जमीन बेचने को मजबूर है। वृद्ध मां रजमनिया देवी ने रोते हुए कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग उनके बेटे को बेहतर इलाज मुहैया कराकर उसकी जान बचाने परिजनों ने सरकार से आर्थिक मदद की भी मांग की है।
जिंदगी और मौत से जूझ रहा हरेंद्र, मां ने लगाई प्रशासन से गुहार
