Birsa Times

बरारी में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत, बच्चा गंभीर

बरारी में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से मां-बेटे समेत तीन की मौत, बच्चा गंभीर

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा

बरहरवा/साहिबगंज। बरारी गांव के समीप एनएच-80 पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहेबडांगा गांव निवासी आयेशा बीबी (40 वर्ष), उनके पुत्र इस्माईल उर्फ लालू शेख (20 वर्ष) तथा पुत्री फतेमा खातून (18 वर्ष) एक बाइक पर सवार होकर फरक्का की ओर से लौट रहे थे। उनके साथ एक बच्चा भी मौजूद था। इसी दौरान बरारी गांव के समीप एक 16 चक्का ट्रेलर (संख्या JH16 H0025) की चपेट में आने से भीषण दुर्घटना हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि आयेशा बीबी, इस्माईल उर्फ लालू शेख और फतेमा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-80 को जाम कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद लोगों को शांत कराया गया और सड़क पर वाहनों का परिचालन पुनः बहाल कराया गया।
बताया जाता है कि यह हादसा सोमवार की शाम करीब 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच हुआ। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से साहेबडांगा गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *