Birsa Times

आरोप : दान वाली जमीन पर भू-माफिया की आंख, रंगदारी नहीं देने पर घर से उठा ले गए बर्तन-बासन

आरोप : दान वाली जमीन पर भू-माफिया की आंख, रंगदारी नहीं देने पर घर से उठा ले गए बर्तन-बासन

देवघर/
जिला अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के मौजा बाराकोला स्थित 3.86 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा करने और घर से सामान लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित भुनेश्वर कोल ने मोहनपुर थाना में आवेदन देकर सुभाष मंडल और प्रमोद हेम्ब्रम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रिखिया थाना क्षेत्र के सुथनियाँ गांव निवासी भुनेश्वर कोल ने मोहनपुर पुलिस को आवेदन देते हुए बताया कि मौजा बाराकोला, जमाबंदी संख्या 80/35, कुल रकवा 3.86 एकड़ जमीन अकली देवी पति स्व. विशेषवर मांझी की जमाबंदी जमीन है। अकली देवी को कोई पुत्र नहीं है, केवल एक पुत्री रुबिया देवी है। अनेश्वर कोल के अनुसार, उन्होंने उक्त प्लॉट को रुबिया देवी से दान स्वरूप प्राप्त किया है। उसी समय से वह प्लॉट पर बोरिंग करवाकर तथा आधे प्लॉट में चारदीवारी कर निवास कर रहे हैं। कुछ जमीन चारदीवारी के बाहर खाली पड़ी है।

आरोप है कि बाराकोला निवासी सुभाष मंडल, उम्र 36 वर्ष, पिता स्व. चंद्रकांत मंडल और मलडबरा, थाना चितरा निवासी प्रमोद हेम्ब्रम, उम्र 35 वर्ष, पिता गोविंद हेम्ब्रम उक्त खाली जमीन को जबरन हड़पना चाहते हैं। दोनों ने भुनेश्वर कोल से पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने 16 जून 2026 को सुबह 11 बजे से उक्त जमीन पर जबरन काम शुरू कर दिया। आरोपियों ने वहां घेरा लगाना और निर्माण कार्य शुरू कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि 18 जून 2026 को दिन के करीब 1:30 बजे जब वह प्लॉट पर गए तो देखा कि सुभाष मंडल और प्रमोद हेम्ब्रम बड़ी संख्या में लेबर-मिस्त्री लगाकर काम करवा रहे थे। आरोप है कि दोनों ने उनके घर का ताला तोड़कर फेंक दिया और घर से एक इंडियन गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, बर्तन व जमीन से संबंधित कागजात सहित अन्य सामान लूटकर ले गए।
भुनेश्वर कोल ने थाना प्रभारी से दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को रुकवाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *